भोजपुर में आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण
पटना प्रमंडल आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने भोजपुर के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर बी.एल.ओ. को मतदाता सूची में युवाओं व महिलाओं को जोड़ने के निर्देश दिए। आरा में समीक्षा बैठक कर उन्होंने अधिकारियों को सभी आवेदनों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करने को कहा।

आरा : पटना प्रमंडल के आयुक्त और निर्वाचक सूची प्रेक्षक डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने शनिवार को भोजपुर जिले के कई मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बिहिया प्रखंड स्थित मतदान केन्द्र संख्या 325, 326, 327 और 328 तथा जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या 113 और 114 का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी भोजपुर, उप विकास आयुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बी.एल.ओ., बी.एल.ए., स्थानीय जनप्रतिनिधि और आवेदक मौजूद रहे।
बी.एल.ओ. को निर्देश
आयुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी मौके पर ही बी.एल.ओ. और स्थानीय प्रतिनिधियों से ली। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और अयोग्य मतदाता का नाम शामिल न हो।
उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 2025 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवाओं और नवविवाहित महिलाओं का नाम निर्वाचक सूची में शामिल होना चाहिए ताकि वे आगामी विधानसभा चुनाव 2025 में मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
समीक्षा बैठक भी की
निरीक्षण के बाद समाहरणालय सभागार, आरा में आयुक्त ने जिले के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें दावा/आपत्ति अवधि में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन, पंजीकरण, विलोपन और संशोधन से जुड़े अभिलेखों की जांच की गई।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का समय पर निपटारा किया जाए और छूटे हुए युवाओं व महिलाओं का नाम मतदाता सूची में जरूर जोड़ा जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त भोजपुर, भू-अर्जन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।